कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर में महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर बच्चों ने दि पुष्पांजलि
फुलवारी शरीफ. (अजीत):
कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर, पटना के प्रांगण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के शहादत दिवस के अवसर पर भावपूर्ण पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सत्य, अहिंसा, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों की भावना को जागृत करना रहा.
सभा की शुरुआत महात्मा गांधी जी के चित्र पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. इस अवसर पर बच्चों ने श्रद्धा के साथ गांधी जी को नमन किया तथा उनके दिखाए गए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
विद्यालय की संरक्षिका उषा कुमारी ने कहा कि महात्मा गांधी जी एक व्यक्तित्व नहीं बल्कि विचारधारा हैं. उनका जीवन सत्य, सेवा और अहिंसा के माध्यम से समाज को दिशा देने वाला है. उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की.
वहीं विद्यालय की प्राचार्या अंकिता कुमारी ने कहा कि गांधी जी का जीवन चरित्र विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है. सत्यनिष्ठा, सादगी और अनुशासन जैसे मूल्य आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं. उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नैतिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देता है.
सभा के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी जी के जीवन एवं विचारों पर अपने विचार रखे. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रपिता को नमन और उनके आदर्शों पर चलने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.



