BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StylePatna

कायाकल्प 2024–25 में एम्स पटना को राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त तृतीय स्थान

फुलवारी शरीफ .
एम्स पटना ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी कायाकल्प योजना 2024–25 के तहत देशभर के केंद्रीय सरकारी अस्पतालों/संस्थानों की श्रेणी में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है.
कायाकल्प बाह्य मूल्यांकन फरवरी 2024 के प्रारंभ में किया गया था, जिसमें अस्पताल की स्वच्छता, सैनिटेशन व हाइजीन, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था, नर्सिंग सेवाएं, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, 24 घंटे सेवाओं की उपलब्धता, संसाधनों की व्यवस्था तथा प्रभावी सीमा निर्धारण जैसे प्रमुख मानकों पर आकलन किया गया. यह योजना सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और निरंतर गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लागू की गई है.
एम्स पटना का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन अस्पताल स्वच्छता, रोगी सेवा व सुरक्षा तथा पर्यावरणीय साफ-सफाई के उच्च मानकों के प्रति संस्थान की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो राष्ट्रीय स्वास्थ्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है. यह उपलब्धि कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुप कुमार के सक्षम नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संभव हो सकी है.
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक ने एम्स पटना परिवार को बधाई देते हुए उप चिकित्सा अधीक्षकों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ, इंजीनियरिंग सेक्शन, स्वच्छता कर्मियों और सभी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की. उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता कर्मियों और संक्रमण नियंत्रण टीमों के अथक योगदान को रेखांकित किया, जिनके 24 घंटे के प्रयासों से अस्पताल का वातावरण स्वच्छ, सुरक्षित और रोगी–अनुकूल बना रहता है.
कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल ने कहा एम्स पटना ने राष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य लक्ष्यों और भारत सरकार की परिकल्पना के अनुरूप स्वच्छता, सैनिटेशन और रोगी–केंद्रित देखभाल के मानकों को बनाए रखने और उन्हें और बेहतर करने की प्रतिबद्धता दोहराई है. इस राष्ट्रीय सम्मान के साथ एम्स पटना बिहार के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्रेरणास्रोत और रोल मॉडल बनने की दिशा में सशक्त रूप से अग्रसर है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button