ईरान-अमेरिका-इजरायल जंग की आंच पटना तक, फुलवारी में गैस संकट पर हंगामा, एम्स रोड जाम
फुलवारी शरीफ, अजीत: मध्य-पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़े तनाव की आंच अब बिहार की राजधानी पटना तक महसूस की जाने लगी है. फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से लोगों के बीच त्राहिमाम मचा हुआ है. गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं. घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने गुरुवार को हंगामा करते हुए पटना-एम्स रोड स्थित नौसा मोड़ के पास नेशनल हाईवे-98 को जाम कर दिया.
बताया जाता है कि होली के पहले से ही बड़ी संख्या में लोगों ने गैस सिलेंडर के लिए बुकिंग कराई थी, लेकिन कई दिनों के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल रहा है. इसके कारण लोगों में भारी नाराजगी है. सुबह से ही लोग गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सिलेंडर लेकर खड़े नजर आए. जैसे-जैसे समय बीतता गया, भीड़ बढ़ती चली गई और लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा.
फुलवारी शरीफ के ईसापुर राय चौक, नोहसा मोड़, हरियाली गैस एजेंसी, सुलभ इंडियन गैस, नवादा मोड़, अनीसाबाद हरनी चक और बेऊर सहित आसपास के कई इलाकों में यही स्थिति देखने को मिल रही है. जहां-जहां गैस एजेंसी और गोदाम हैं, वहां उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई है. लोगों का कहना है कि कई दिनों से एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन एक भी सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. हालात ऐसे हैं कि चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है और लोग त्राहिमाम कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि रमजान का महीना चल रहा है और कुछ ही दिनों में ईद आने वाली है. वहीं दूसरी ओर रामनवमी का पर्व भी नजदीक है. ऐसे समय में घरों में गैस सिलेंडर नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. घर के किचन से लेकर बाहर तक लोग परेशान हैं. महिलाएं खाना बनाने को लेकर चिंतित हैं, तो पुरुष अपने-अपने काम धंधे छोड़कर गैस सिलेंडर लेकर एजेंसी और गोदामों के चक्कर लगा रहे हैं.
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े हैं, लेकिन अब तक उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है. कुछ लोग एक भरे हुए सिलेंडर की तलाश में यहां-वहां भटक रहे हैं, लेकिन कहीं से भी सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई घरों में चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो गया है.
गैस नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने नौसा मोड़ के पास पटना-एम्स रोड को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और जाम हटाने की कोशिश की.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से गैस आपूर्ति को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि प्रशासन की ओर से लोगों को भरोसा दिलाया जा रहा है कि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी और उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा. इसके बावजूद इलाके में लोगों के बीच नाराजगी और चिंता का माहौल बना हुआ है.



